फलों को खाना हमेशा ही सेहत के लिहाज से बहुत फायदेमंद माना जाता है, लेकिन अगर आप फलों का पूरा पोषण पाना चाहती हैं, तो फल खाते हुए कुछ बातों का खास खयाल रखने की ज़रूरत होगी। आइए जानते हैं कि वो खास बातें क्या हैं, जो आपके फलों को और ज़्यादा हेल्थी आपकी सेहत के लिए बना देंगी।
फ्रूट्स को खाने का सही समय
हर चीज़ का एक सही वक्त होता है, तो फलों के खाने का क्यों ना हो। अक्सर यह बहस होती भी रहती है कि फलों को खाने का सबसे अच्छा समय क्या हो सकता है। सेलिब्रिटी न्यूट्रिशन रुजुता दिवेकर ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट पर इस बारे में जानकारी देते हुए बताया था कि अक्सर लोग खाना खाने के तुरंत बाद फल खाते हैं ,जो कि गलत है, क्योंकि फ्रूट्स ठीक से पच नहीं पाएंगे और ज़रूरी न्यूट्रिशन शरीर को नहीं दे पाएंगे। खाना खाने के बाद कम से कम तीस मिनट के बाद कोई फल खाना चाहिए।रुजुता ने आगे बताया कि फलों को खाना सबसे ज़्यादा फायदेमंद सुबह के नाश्ते में होता है, इसके अलावा वर्कआउट के बाद भी फल खाना अच्छा होता है, क्योंकि इससे तुरंत बॉडी को एनर्जी मिल जाती है।फलों के खाने के बाद भी आधे घंटे तक कुछ ना खाएं।
सीजनल फ्रूट्स ही खाएं
फलों से अधिक से अधिक न्यूट्रिशन पाने का सबसे अच्छा तरीका,यह है कि ऐसे फ्रूट्स को खाएं, जो सीजनल हों। अक्सर हम विदेशी सेलेब्रिटीज़ और इंफ्लुएंसर को अलग-अलग तरह के फलों को खाते हुए देखते हैं, जिसे देखकर हम सोचते हैं कि ये विदेशी फ्रूट्स ही हेल्थी होते हैं,जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है। वे उनके देश का सीजनल फ्रूट्स हैं,जो उनके लिए हेल्थी होगा,लेकिन हमारे लिए नहीं। हमारे लिए सबसे हेल्थी हमारे देश के सीजनल फ्रूट्स होंगे, तो बाजार में जो भी सीजनल फ्रूट्स मिले,उसका जमकर लुत्फ उठाइए और ज़्यादा से ज़्यादा न्यूट्रिशन भी पाइए।
साबूत फलों को खाने की हो कोशिश
आमतौर पर फलों को काटकर, उन्हें टूथपिक,फोर्क से खाया जाता है, लेकिन रुजुता दिवेकर इसे फलों के खाने का परफेक्ट तरीका कहने से इनकार करती हैं। अपने वीडियोज में यह बात वह कई बार दुहराए चुकी हैं कि फलों को काटकर खाने के बजाय उन्हें जितना हो सके साबूत खाने की कोशिश करें, ऐसे में आप फलों के रेशे भी खा लेते हैं,जिनमें फाइबर की मात्रा भरपूर होती है। फाइबर बॉडी के पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है।
अलग-अलग फ्रूट्स को साथ ना खाएं
कई बार हम अलग अलग फलों को काटकर मिक्स फ्रूट्स चाट की तरह एक साथ खाना पसंद करते हैं,लेकिन हमारी यह हैबिट हमारे शरीर के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है। एक वक़्त में एक ही फल खाना सबसे फायदेमंद है,अगर आप वैरायटी चाहती हैं, तो मीठे फलों को एक साथ खा सकती हैं,लेकिन मीठे और खट्टे फलों को एक साथ मिक्स कर कभी नहीं खाना चाहिए, क्योंकि डाइजेशन के वक़्त मीठे फलों की एसिडिक अलग होती है और खट्टे फलों की अलग। यह मिसमैच पेट में समस्याओं को बढ़ा सकता है।
गुनगुने पानी से धोएं फ्रूट्स
हम सभी इस बात से परिचित हैं कि फलों को धोकर खाना चाहिए, लेकिन यह काफी नहीं होगा, अगर संभव हो तो अपने फलों को थोड़े देर के लिए गुनगुने पानी में छोड़ दें। अगर आप फ्रिज से फलों को निकालकर खाती हैं,तो यह आपके लिए और फायदेमंद हो सकता है। फलों को खाने से पहले कुछ देर के लिए गुनगुने पानी में छोड़ दें। ऐसा करने से फ्रूट्स और हेल्थी हो जाते हैं, क्योंकि ठंडे फल खाना सेहत के लिए ज़्यादा फायदेमंद नहीं होते हैं। गुनगुने पानी में धोकर खाने से इसके डाइजेशन में आसानी होती है।