आलू पराठा और पनीर पराठा के अलावा आप ग्रीन सब्जियों से यानी कि हरी सब्जियों के साथ भी खुद के लिए स्वाद और सेहत से भरा हुआ पराठा तैयार कर सकती हैं। हरी सब्जियों के साथ पराठा बनाने से एक तरफ आपका काफी समय बच जाता है, तो वहीं दूसरी तरफ आप अपनी खाने की थाली में हरी ढेर सारी हरी सब्जियां भी शामिल करती हैं। अक्सर बच्चों के साथ यह मुश्किल आती है कि हरी सब्जियों का सेवन करना पसंद नहीं आता। पराठे के साथ आप आसानी से अपने बच्चों के सेहत की थाली में ग्रीन वेजिटेबल भर सकती हैं। आइए जानते हैं विस्तार से रेसिपी कैसे आप ग्रीन वेजिटेबल से टेस्टी पराठा बना सकती हैं।
पालक पराठा बनाने की रेसिपी विस्तार से

पालक में पोषक तत्वों भरपूर मात्रा में होते हैं। पालक का पराठा बनाने के लिए सबसे पहले आपको इसके लिए सबसे पहले पालक को अच्छी तरह धो लें और उबाल लें। इसके बाद फिर उसे मिक्सर में पीसकर पेस्ट बना लें। ध्यान दें कि अगर आपके पास पालक पीसने का समय नहीं है, तो आप पालक को बारीक काटकर भी आटे में मिला सकती हैं। इसके बाद आपको पालक के पराठे के लिए आटे की तैयारी करनी है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में आटा लें। उसमें पालक पेस्ट, हरी मिर्च, अदरक, अजवाइन, नमक, हल्दी, लाल मिर्च, गरम मसाला और तेल डालें। इसके बाद आपको इन सारी चीजों को अच्छी तरह से मिलाकर नरम आटा गूंथ लेना है और फिर जरूरत पड़ने पर आटे में आवश्यकतानुसार पानी मिलाना है। इसके बाद आटे की लोइयां बनाएं। इसे तैयार करने के लिए लोई को बेलन से बेलकर गोल या मनचाहा आकार दें। तवा गरम करें और पराठा दोनों तरफ से हल्के ब्राउन होने तक सेंकें। ऊपर से घी या तेल लगाकर दोनों तरफ सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें।अगर आप चाहें तो इसमें पनीर या उबले आलू की स्टफिंग भी डाल सकती हैं। आप इस पराठा को दही, अचार, मक्खन या फिर चटनी के साथ सेवन कर सकती हैं।
मेथी का पराठा बनाने की रेसिपी विस्तार से

मेथी का पराठा बहुत ही स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक होता है, खासकर ठंड के मौसम में। इसमें ताज़ी मेथी की पत्तियों का उपयोग किया जाता है, जो सेहत और स्वाद दोनों लेकर आती है। इसे बनाना भी बेहद आसान है। इस बनाने के लिए सबसे पहले ताजा मेथी की पत्तियां धोकर अच्छी तरह से सूखा लें। इसके बाद मेथी को बारीक काट लें और फिर मेथी को काटने के बाद थोड़ा नमक लगाकर कुठ समय के लिए छोड़ दें। इससे मेथी का पानी निकल जाता है और मेथी के इस पानी को निकालकर मेथी की पत्तियों का उपयोग करें। इससे मेथी की कड़वाहट कम हो जाती है। मेथी का पराठा बनाने के लिए एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें । उसमें कटी हुई मेथी, हरी मिर्च, अदरक, लहसुन, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, अजवाइन, नमक और तेल डालें। सबको अच्छी तरह मिलाएं। थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर मुलायम आटा गूंथ लें। आटे को 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें। इसके बाद पराठा को तैयार करने के लिए आटे से मध्यम आकार की लोइयां बना लें। हर लोई को बेलन से बेलकर रोटी का आकार दें। जरूरत\ हो तो हल्का सूखा आटा इस्तेमाल करें बेलते समय। तवा गर्म करें और फिर घी या तेल लगाकर पराठे को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें। आप मेथी के पराठे का सेवन दही, अचार, मक्खन, टमाटर की चटनी या फिर आम की मीठी चटनी से इसका सेवन कर सकती हैं।
मिक्स वेजिटेबल पराठा बनाने की रेसिपी विस्तार से

मिक्स वेजिटेबल पराठा बहुत ही टेस्टी और हेल्दी पराठा होता है, जिसमें तरह-तरह की सब्जियां भरकर बनाया जाता है। आप इस पराठे को टिफिन या ब्रेकफास्ट के लिए भी बनाकर इसका सेवन कर सकती हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले आपको आटा गूंथना है। गेहूं का आटा, नमक स्वादानुसार, तेल और जरूरत के अनुसार पानी को मिलाएं और आटा गूंथ कर तैयार कर लें। पराठे के लिए स्टफिंग तैयार करने के लिए उबले हुए आलू, गाजर, फूलगोभी, मटर, शिमला मिर्च और अदरक कद्दूकस किया हुआ एक साथ मिलाएं। इसमें बारीक कटी हुई हरी मिर्च और कटा हुआ हरा धनिया मिलाएं। इसके बाद एक कड़ाही में तेल गरम करें। उसमें अदरक और हरी मिर्च डालें। अब गाजर, फूलगोभी, शिमला मिर्च, मटर डालकर 4-5 मिनट भूनें। फिर मैश किए हुए आलू डालें और साथ ही हल्दी, मिर्च, गरम मसाला, अमचूर और नमक मिलाएं। इन सारी चीजों को अच्छी तरह मिलाते हुए 2 से 3 मिनट के लिए पकाएं और ऊपर से हरा धनिया मिलाएं। पराठा बनाने के लिए आटे की लोई बनाएं और थोड़ा बेल लें। बीच में 2-3 चम्मच स्टफिंग रखें। चारों तरफ से मोड़कर बंद करें और फिर बेलें। गरम तवे पर पराठा रखें, दोनों तरफ से हल्का सेंकें। फिर तेल या घी लगाकर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा सेंकें। आप इस पराठे का सेवन दही, हरी चटनी, अचार या फिर मक्खन के साथ कर सकती हैं।
हरे प्याज का पराठा बनाने की रेसिपी विस्तार से

हरे प्याज का पराठा एक बहुत ही स्वादिष्ट और झटपट बनने वाला पराठा है। दही के साथ यह पराठा स्वाद से भरपूर होता है। एक बर्तन में आटा लें। उसमें बारीक कटा हरा प्याज, हरी मिर्च, अदरक, अजवाइन, नमक, हल्दी और लाल मिर्च पाउडर डालें। सब कुछ अच्छे से मिलाएं। थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। इसे 15 मिनट के लिए एक तरफ से रख लें। इसके बाद आटे से लोइयां बनाएं और फिर इसे बेल लें। आप तवे पर पराठे को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक अच्छी तरह से सेंक लेंं। इसे आप दही, हरी चटनी, अचार या मक्खन के साथ गरमागरम परोस सकते हैं। अगर चाहें तो इसमें थोड़ा पनीर क्रम्बल करके भी मिला सकते हैं, हरे प्याज-पनीर पराठा और भी स्वादिष्ट होता है।
पत्ता गोभी और गाजर का पराठा रेसिपी विस्तार से

पत्ता गोभी और गाजर का पराठा एक बेहद स्वादिष्ट और सेहतमंद विकल्प है। ठंड के मौसम में गाजर और पत्ता गोभी आसानी से मिल जाता है। यह विटामिन और मिनरल्स से भरपूर होता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें। उसमें नमक और 1 टेबल स्पून तेल डालकर अच्छे से मिलाएं। पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें। आटे को 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें। पराठे का भरावन बनाने के लिए एक पैन में तेल गर्म करें। उसमें जीरा और अजवाइन डालें। जब ये तड़कने लगे, तो उसमें कद्दूकस की हुई गाजर और पत्ता गोभी डालें। हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर अच्छे से मिलाएं। मिश्रण को 5-7 मिनट तक भूनें जब तक गोभी और गाजर नरम न हो जाएं। अदरक, हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर अच्छे से मिला लें और इस मिश्रण को ठंडा होने दें। पराठा बनाने के लिए आटे से छोटी-छोटी लोइयां बनाएं। हर लोई को बेलन से बेलकर गोल आकार में बेल लें। अब स्टफिंग को पराठे के बीच में रखें और चारों तरफ से मोड़कर बंद कर दें। इसे हल्के साथ बेलन से बेलकर पराठा बना लें। ध्यान दें कि अगर पत्ता गोभी में अधिक पानी हो, तो उसे हल्का-सा निचोड़ लें ताकि पराठा गीला न हो। आप इसमें शिमला मिर्च, मटर और पनीर भी मिला सकती हैं। पराठे को सेंकने के बाद आप ऊपर से घी या फिर मक्खन लगा सकती हैं।