बालों का ध्यान रखना हम सभी की प्राथमिकता होता है। अक्सर हम अपने बालों का ध्यान रखने के लिए सप्ताह में एक बार जरूर पार्लर जाते हैं और बालों को पोषण देने की कोशिश करते हैं। लेकिन क्या आप जानती हैं कि आप घर पर ही अपने बालों को पोषण देने के लिए हेयर मास्क तैयार कर सकती हैं। जी हां, आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि कैसे आप अपने बालों को पोषण देने के लिए 5 तरीके से हेयर मास्क तैयार कर सकती हैं। आइए जानते हैं विस्तार से।
अंडे से हेयर मास्क

अंडा सेहत के साथ बालों के लिए बहुत अच्छा होता है। इसलिए आप अपने लिए घर पर ही अंडे के साथ एक अच्छा हेयर मास्क तैयार कर सकती हैं। अंडा प्रोटीन से भरपूर होता है, जो कि आपके बालों को पूरी तरह से सुरक्षा प्रदान करता है। बालों को शाइनी और जड़ों से मजबूत बनाने के लिए आप अंडे से हेयर मास्क तैयार करें। इसे बनाना बेहद आसान है। इसके लिए आपको अंडे में कुछ मिलाना नहीं है, बल्कि अंडे को फेंटकर अपने बालों पर लगा लेना है। इसके बाद आपको 30 मिनट तक बालों में अंडे को लगा रहने दें। ध्यान दें कि आपको जड़ों तक अंडे के इस पेस्ट को लगाना है। इसके बाद आपको पहले ठंडे पानी से बाल धोना है। इसके बाद आप शैंपू के इस्तेमाल से अच्छी तरह से अपने बालों को साफ कर लें।
केले का हेयर मास्क

केले में भी भरपूर मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है। अगर आपको डैंड्रफ की समस्या है, तो केले का मास्क परफेक्ट तरीके से काम करता है। साथ ही आपके बालों को बूस्ट करने के लिए भी केले का मास्क काफी अच्छे तरीके से काम करता है। इसके लिए आपको सप्ताह में एक बार ही सही लेकिन केले का हेयर मास्क बालों पर एक बार जरूर लगाना चाहिए। आप केले का मास्क एवोकाडो के साथ मिलाकर बना सकती हैं। इसे बनाने के लिए पके हुआ एक केला और एक एवोकाडो को लें। इसका एक अच्छा पेस्ट तैयार करें। इसके बाद आपको इस पेस्ट को अच्छी तरह से बालों में लगाएं। आधे घंटे बाद गुनगुने पानी से बालों को साफ कर लें।
शहद और नींबू के रस का हेयर मास्क

यह माना गया है कि अगर आपके बालों में बाल झड़ने की समस्या है, तो आप यह उपाय कर सकती हैं। इसे बनाने के लिए आपको एक चम्मच शहद और नींबू का रस मिलाएं। इसके बाद अपने बालों का सेक्शन करके इस मास्क को अपने स्कैल्प पर लगाना है। 20 मिनट के बाद आप अपने बालों को शैम्पू से साफ कर लें। आप सप्ताह में 2 से 3 बार बाल झड़ने से रोकने के लिए यह तरीका अपना सकती हैं। नींबू में विटामिन-सी होता है। शहद पूरी तरह से एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है।साथ ही शहद के कारण आपके बालों से डैंड्रफ की समस्या भी पूरी तरह से खत्म हो जाती है। आपको एक बार जरूर इस आसान से घरेलू मास्क को बालों के लिए बनाना चाहिए
दही का हेयर मास्क

आपके बालों के लिए दही रामबाण बन सकता है। दही में आप कई सारी चीजों को मिलाकर बालों में लगा सकती हैं। यानी कि आप दही में शहद, दही में नींबू, दही में केला, दही में बेसन या फिर दही में जैतून का तेल मिलाकर भी बालों में लगा सकती हैं। इससे आपके बाल मजबूत और शाइनी बनेंगे। दही में मौजूद तत्व बालों को अंदरूनी तौर पर पोषित करते हैं। आप किसी भी सामग्री के साथ दही मिलाकर बालों में लगाएं। इससे आपके बाल में खुजली और अन्य तरह की समस्या से राहत मिल सकती है। आप सप्ताह में एक या दो बार इस मास्क को बना सकती हैं।
आंवला हेयर मास्क

आंवला हमेशा से ही सेहत के लिए वरदान माना गया है। आंवला को आप एक नहीं बल्कि कई तरीके से बालों के लिए इस्तेमाल कर सकती हैं। आंवला पाउडर को आप दही में मिलाकर खुद के लिए हेयर मास्क तैयार कर सकती हैं। इस हेयर मास्क को आपको बालों में आधे घंटे तक रखना है। इसके बाद आपको अपने बालों को साफ पानी से धो लेना है।