घर में एक नहीं, बल्कि कई सारी ऐसी नेचुरल सामग्री मौजूद हैं, जिससे आप खुद के लिए ब्यूटी रेसिपी बना सकती हैं। इसके लिए सबसे अहम नारियल का तेल, एलोवेरा जेल माना गया है। घर पर आप अपने लिए ब्यूटी रेसिपी अपना कर खुद के सौंदर्य की नेचुरल तरीके से देखभाल भी कर सकती हैं। आइए जानते हैं विस्तार से कि कैसे आप खुद के लिए नेचुरल होम मेड ब्यूटी रेसिपी बना सकती हैं।
हेयर मास्क
इस हेयर मास्क को बनाने के लिए सबसे पहले 2 टेबलस्पून कैस्ट्रॉल ऑयल, एक अंडा और एक चम्मच शहद और एलोवेरा जेल मिलाकर एक पेस्ट तैयार कर लें, अगर आप अंडे का इस्तेमाल नहीं करती हैं, तो बिना अंडे के इस पेस्ट को तैयार कर लें। इस मास्क को बाल पर लगाने से पहले बाल अच्छी तरह से पानी से साफ कर लें। बाल सूखने पर इस पेस्ट को लगाकर एक घंटे तक बालों पर रहने दें। बालों को साफ पानी से धो लें। इसके प्रक्रिया के बाद आपके बाल मुलायम हो जायेंगे। आप महीने में 4 बार इस हेयर मास्क का इस्तेमाल अपने बालों की सेहत के लिए कर सकती हैं।
आंखों के लिए जरूरी काजल
अपनी आंखों के लिए काजल भी आप घर पर ही बना सकती हैं। इसे बनाने के लिए आप बादाम के नुकीले हिस्से को हाथ से पकड़े और दूसरे हाथ से चम्मच बादाम के ऊपर रखें। साथ ही एक मोमबत्ती जलाएं। आप देखेंगे कि जैसे-जैसे बादाम जलता जाएगा उसकी राख चम्मच पर दिखाई देने लगेगी। आप इस राख पर नारियल का तेल मिलाएं और आप इसे रात में लगाकर सो सकती हैं। साथ ही बारिश के मौसम के अलावा ठंड के मौसम में आप इसका इस्तेमाल कर सकती हैं।
ऐसे बनाएं घर पर शैंपू
इसे बनाने के लिए 2 कप नारियल का तेल, 2 कप एलोवेरा जेल, 1 कप पानी, 3 चम्मच शहद, आधा चम्मच लेवेंडर तेल, आधा चम्मच रोजमेरी तेल को गुनगुने पानी में मिलाएं, आप इस मिश्रण को बाल धोने के लिए सप्ताह में एक या दो बार इस्तेमाल कर सकती हैं। आप इसे फ्रीज में 3 सप्ताह के लिए भी रख सकती हैं।
फेश वॉश
इस फेश वॉश को बनाने के लिए आधा कप एलोवेरा जेल, 2 चम्मच बादाम तेल, 2 चम्मच गुलाब जल, आधा चम्मच मुल्तानी मिट्टी को मिलाकर आप एक डिब्बे में बंद करके फ्रिज में रख दें। जब भी आपको चेहरा साफ करना हो, तो इस डिब्बे से सामग्री को अपनी हथेली में निकाल कर हल्के हाथ से चेहरे पर मसाज करें और साफ पानी से चेहरे को धो लें।
ऐसे बनाएं लिपस्टिक
घर पर लिपस्टिक बनाने के लिए 1 चम्मच वैक्स, 1 छोटा चम्मच शीया बटर, 2 ड्रॉप अपनी पसंद का एसेंशियल ऑयल, 2 चम्मच बादाम का तेल और 10 चम्मच बीटरूट पाउडर को एक साथ रख लें। इसे बनाने के लिए वैक्स को आंच पर रखें, ताकि यह पिघल जाये, फिर इसमें बादाम तेल मिलाएं। अब इसमें शिया बटर भी मिलाएं। इस सामग्री में बीटरूट पाउडर मिलाएं। एसेंशियल ऑयल के साथ इसे अच्छे से मिलाएं। इस पूरे मिश्रण को ठंडा करने के बाद इसे फ्रीज में रख दें, जब ये ठंडा हो जाए, तो इसे लिपस्टिक ट्यूब में डाल दें।
मेकअप रिमूवर
अपने चेहरे से मेकअप को हटाने के लिए नारियल के तेल का इस्तेमाल आप कर सकती हैं। खासतौर पर आंखों के काजल और लाइनर को मिटाने के लिए नारियल तेल की मालिश आंखों पर करें या फिर लिपस्टिक को हटाने के लिए नारियल तेल से होंठों की मसाज करें। अपने चेहरे से मेकअप को हटाना के लिए एक बाउल में बेबी शैम्पू मिलाएं। आधा चम्मच नारियल का तेल मिलाएं। अब इस मिश्रण में पानी मिलाएं और स्प्रे बॉटल में भर लें। आप इसका इस्तेमाल मेकअप को हटाने के लिए कर सकती हैं।